गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन के देविका स्काईपर्स सोसायटी में शनिवार को कुत्ता पकड़ने गई निगम की टीम को लेकर जमकर बवाल हुआ। सोसायटी के लोगों की आपस में गहमा-गहमी के चलते पुलिस को बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा। लोगों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।
शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। नगर निगम में हर महीने 10-15 शिकायतें कुत्तों के काटने की आ रही हैं। महापौर सुनीता दयाल ने पशु चिकित्सा एवं कल्याण विभाग को अधिक से अधिक कुत्तों की नसबंदी करने के निर्देश दिए हैं। सोसायटी निवासी अंजनी सैनी ने बताया कि सोसायटी में आवारा कुत्ते लगातार बच्चों पर हमला कर रहे थे। इसको लेकर सोसायटी के लोगों ने नगर निगम में शिकायत की थी। शनिवार को नगर निगम की टीम जब सोसायटी में कुत्ता पकड़ने के लिए पहुंची तो सोसायटी के कुत्ता प्रेमियों ने निगम की टीम का विरोध शुरु कर दिया। इसके बाद जिनके बच्चों को कुत्तों ने हमला कर घायल किया था। वह भी उनके सामने आ गए और कुत्तों को पकड़ने का समर्थन करने लगे। देखते ही देखते मामला तूल पकड़ने लगा। कुत्ता प्रेमी निगम के वाहनों के सामने खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। इसके बाद लोगों ने पुलिस बुला ली।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। इस संदर्भ में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष ने बताया कि शिकायत के बाद निगम की टीम मौके पर कुत्तों को पकड़ने गई थी। लोगों के विरोध के बाद भी कुत्तों को पकड़कर नसबंदी के लिए वेलनेस सेंटर भेज दिया गया है।