पावर कारपोरेशन बकाएदारों पर आज से सख्ती करेगा। 10 हजार से ज्यादा रकम वाले बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाएंगे। यानी बिल न चुकाया तो ऐसी भीषण गर्मी में बकाएदारों के दिन बिन बिजली बीतेंगे। कारपोरेशन के अधिकारियों ने शहर में 15 हजार बकाएदारों की लिस्ट तैयार कर ली है। सोमवार से विभागीय टीम छापामारी करेगी।
पावर कारपोरेशन बकाएदारों के साथ ही बिजली चोरी करने वालों पर भी शिकंजा कसेगा। गाजियाबाद जोन के चीफ इंजीनियर अरविंद राजवेदी का कहना है कि पावर कारपोेरेशन का यह अभियान 45 दिन गाजियाबाद के साथ-साथ बुलंदशहर और हापुड़ में भी चलेगा।
इस दौरान बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाएंगे और बिजली चोरी करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उनका कहना है कि पूर्व में काटे गए कनेक्शन जुड़े मिले तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि गाजियाबाद क्षेत्र में 10 हजार से ज्यादा बकाया वाले करीब 15 हजार उपभोक्ता हैं। अभियान के दौरान बकाया बिल जमा करने वालों के कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे।