गाजियाबाद के मोदीनगर से सटे बेगमाबाद बाजार में बदमाशों ने बुधवार रात ग्रामीण बैंक की ऊपरी मंजिल पर स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी रेखा शर्मा के घर में घुसकर करीब 35 लाख रूपये कीमत के सोने चांदी के गहने और 25 हजार रूपये की नकदी चोरी कर ली।
गाजियाबाद के मोदीनगर से सटे बेगमाबाद बाजार में बदमाशों ने बुधवार रात ग्रामीण बैंक की ऊपरी मंजिल पर स्थित बाल विकास परियोजना अधिकारी रेखा शर्मा के घर में घुसकर करीब 35 लाख रूपये कीमत के सोने चांदी के गहने और 25 हजार रूपये की नकदी चोरी कर ली। बदमाश छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और जाली के गेट काटकर घटना को अंजाम दिया। परिवार को बृहस्पतिवार सुबह जागने पर घटना की जानकारी लगी।
विज्ञापन
बेगमाबाद बाजार निवासी रेखा शर्मा महिला एवं बाल विकास विभाग में बाल विकास परियोजना अधिकारी है। वर्तमान में उनकी तैनाती पिलाना में है। रेखा शर्मा के पति श्रीभगवान शर्मा सेवानिवृत्त अभियंता है। उनके मकान के ग्रांउड फ्लोर पर ग्रामीण बैंक है। बताया कि बुधवार रात रेखा शर्मा और श्रीभगवान शर्मा मकान की प्रथम मंजिल पर सो रहे थे जबकि पुत्र संयम शर्मा और पुत्रवधु अंजलि दूसरी मंजिल पर थे। बुधवार देर रात बदमाश समीप के निर्माणाधीन मकान की छत के रास्ते प्रथम मंजिल पर पहुंचे और बरामदे का जाल काटकर मकान में दाखिल हुए।
बदमाशों ने बराबर वाले कमरे की कुंडी खोल ली और आलमारी को तोड़ दिया। बदमाशों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर लगभग 22 तोले सोने के गहने और करीब एक किलो चांदी व 25 हजार रूपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद बदमाश मौके पर फरार हो गए। परिवार के अनुसार घटना रात एक बजे से चार बजे की बीच हुई।
विज्ञापन
घटना ने बैंक जैसे अतिसंवेदनशील स्थान की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर दिया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मोदीनगर पुलिस ने छानबीन की। श्रीभगवान शर्मा ने घटना की तहरीर दी। एसीपी मोदीनगर ने बताया कि घटना की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज आदि खंगाली जा रही है।