साहिबाबाद। भाजपा पार्षद सुधीर कुमार पर छेड़छाड़, मारपीट, लूट, तोड़फोड़ के मामले में महिला ने शुक्रवार को धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए। उन्होंने मजिस्ट्रेट को पार्षद समेत अन्य लोगों पर अपने सभी आरोपों को बताया। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर रही है। एक टीम घटना में और साक्ष्य जुटा रही है।
महिला दुकानदार ने मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए। धारा 164 के तहत अपने बयानों में महिला ने सभी आरोप को दोहराया है। अभी तक पुलिस मामले में उनके पति और बेटे के भी बयान दर्ज कर चुकी है। घटना में गवाहों के बयान दर्ज होंगे। वहीं, पुलिस ने पार्षद के साथ घटना में शामिल अन्य आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज कर दी है। एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि महिला के 164 के बयान दर्ज हो चुके हैं। अभी तक मामले में कोई धारा कम या ज्यादा नहीं हुई है। अन्य गवाह के बयान दर्ज कर मामले की अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।