इंदिरापुरम। प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे केंद्र सरकार के पोस्टल विभाग में तैनात पति के विरोध और दिवाली के बाद मकान बदलने के फैसले से नाराज पत्नी ने अपने प्रेमी जिम संचालक के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में इस बात का खुलासा किया है।
विभाग में ही तैनात पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। इसके बाद आरोपी जिम संचालक ने घर में घुसकर पोस्टल विभाग के सीनियर अकाउंटेंट पर चाकू से करीब 12 वार किए।
हालांकि, पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का मुकाबला किया और किसी तरह अपनी जान बचाई। मंगलवार को पति शशांक की हालात में सुधार बताया जा रहा है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मूलरूप से झांसी के रहने वाले शशांक कंथारिया (35) वसुंधरा सेक्टर-एक में पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ रहते हैं।
पति-पत्नी दोनों दिल्ली के पोस्टल विभाग में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर तैनात हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी जिम संचालक प्रताप सिंह ने बताया कि प्रिया करीब आठ महीने से उसके जिम में आ रही थी।
इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे और अक्सर एक-दूसरे के फ्लैट पर मिलते थे। इसी बीच शशांक को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई। उन्होंने इसका विरोध किया और कई बार नाराजगी जताई।