मोदीनगर। नमो भारत रैपिड ट्रेन के ट्रैक के नीचे दिल्ली-मेरठ मार्ग के डिवाइडर पर पेड़ों की कटाई-छंटाई नहीं हो रही है। डिवाइडर पर सौन्दर्यकरण के लिए लगाए गए पेड़ पौधों की टहनियां सड़क के दोनों तरफ फैल गई हैं। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नमो भारत ट्रेन के ट्रैक के नीचे दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बने डिवाइडर पर पेड़ पौधे लगाए गए है। मगर डिवाइडर पर लगे पेड़ पौधों का रख-रखाव और कटाई-छंटाई नहीं होने के कारण वह झाड़ झंकाड़ की तरह हो गए। पेड़-पौंधे ऊंचाई में भी काफी बढ़ गए है जो डिवाइडर पर दीवार का काम कर रहे हैं। इससे सड़क पर एक-दूसरी साइड में दिखना बंद हो गया। पेड़ पौधे नीचे की तरफ भी चारों तरह फैल गए है जो सड़क पर दोनों तरह बिखरे हुए है। बढ़े हुए पेड़ पौधों के कारण डिवाइडरों पर बने कट से सड़क पार करना मुश्किल हो गया। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे है। दो दिन पूर्व गोविंदपुरी के पास सड़क पार कर रहे निजाम को झाड़ झंकाड़ के कारण दूसरी तरफ से ऑटो ने टक्कर मार दी थी। नगर पालिका परिषद डिवाइडर पर लगे पेड़ पौधों के रख-रखाव का अधिकार एनसीआरटीसी का बता रही है। चेयरमैन विनोद वैशाली का कहना है कि डिवाइडर पर लगे पेड़ पौधों का रख-रखाव एनसीआरटीसी के पास है। एनसीआरटीसी के अधिकारियों से कई बार इस बारे में बात की गई मगर कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।