गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र के लोहा मंडी में एक युवक को बुलाकर उसके तहेरे भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जांघ की हड्डी व कई पसलियां टूट गईं। घटना एक जून की है। मामले में घायल के पिता रामब्रेश यादव की शिकायत पर कविनगर थाने में चार जून को विजय, आशुतोष और सियाराम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि बादलपुर निवासी रामब्रेश यादव के मुताबिक उनका बेटा देवेंद्र यादव ट्रांसपोर्ट लोहा मंडी में गाड़ी चलाता था। करीब दो महीने पहले वह वहां से काम छोड़ चुका है। रामब्रेश का कहना है कि उनके बड़े भाई का बेटा विजय भी उसी ट्रांसपोर्ट पर गाड़ी चलाता है। आरोप है कि एक जून को विजय ने दूसरे ड्राइवर आशुतोष के फोन से कॉल करके उनके बेटे देवेंद्र को लोहा मंडी बुलाया और लोहा मंडी में पहले से मौजूद अजय और सियाराम के साथ मिलकर विजय ने देवेंद्र के साथ मारपीट की। जब वह अपनी बाइक लेकर जान बचाने के लिए वहां से भागा तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से महेंद्रा पिकअप गाड़ी से पीछा कर उनकी बाइक में कई बार टक्कर मारी, जिससे देवेंद्र की जांघ की हड्डी और कई पसलियां टूट गईं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
......