साहिबाबाद। टीएचए में बृहस्पतिवार को हुई बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। वसुंधरा, मोहन नगर, इंदिरापुरम समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। नालों और नालियों के जाम होने से सड़कों, गलियों और बेसमेंट तक में पानी भर गया, इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंदिरापुरम की विधायक कॉलोनी में नालियों के ओवरफ्लो होने से जलभराव हो गया। सड़कों पर पानी भरने से लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया। वाहन चालकों को भी घंटों जाम और जलभराव से जूझना पड़ा। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने बताया कि नगर निगम ने नालियां तो बनवाई हैं, लेकिन उन्हें ढकने की व्यवस्था नहीं की। खुले होने के कारण नालियों में कूड़ा जमा हो गया और वे पूरी तरह जाम हो गईं। बारिश के बाद पानी की निकासी नहीं हो सकी और बेसमेंट में भी पानी भर गया। बेसमेंट में खड़ी गाड़ियां पानी में फंस गईं और लोगों का आना-जाना बाधित हो गया। लोगों ने पंप लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया, लेकिन लंबे समय तक परेशानी बनी रही। वहीं, अभय खंड चौकी के सामने न्यायखंड में मेडिकल स्टोर के सामने नाला बंद होने की वजह से पानी भर गया। लोगों को दवा लेने जाने में भी परेशानी हुई। वहीं, वसुंधरा सेक्टर 11, 10 में भी सड़क किनारे जगह-जगह पानी भरा होने से लोगों को आने जाने दिक्कत हुई।
उधर, जलकल के अवर अभियंता मयंक मिश्रा ने बताया कि जगह-जगह पानी निकालने के ट्रैक्टर लगाए गए हैं। टीम पानी निकालने का काम कर रही है।