गाजियाबाद। बुधवार को चटख धूप निकली। अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्यियस दर्ज किया गया। दोपहर तक हवा की गति तीन किलोमीटर प्रति घंटा रही तो लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। दो बजे के बाद हवा की रफ्तार बढ़कर 15 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई। इसके बाद दोबारा से सर्दी में इजाफा हुआ। बृहस्पतिवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में ज्यादा परिवर्तन की संभावना नहीं है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि शनिवार तक मौसम में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। दिन में चटख धूप निकलेगी। इस दौरान सर्दी से राहत मिली रहेगी। रविवार से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता दोबारा से दिखेगी। अगले सप्ताह सोमवार व मंगलवार को आसमान में बादल छाने के साथ तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। बूंदाबांदी भी हो सकती है। फरवरी के मध्य में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हो सकता है।