स्मार्ट सिटी के लिए 31 मई तक महज 9964 लोगों ने सुझाव दिए हैं। इस मामले में गाजियाबाद अभी भी पिछड़ा हुआ है। ऐसे में अब 15 जून तक सुझाव लिए जाएंगे। पहले नगर निगम ने 31 मई तक सुझाव मांगे थे, लेकिन अब स्मार्ट सिटी प्रपोजल तैयार करने से पहले तक सुझाव लिए जाएंगे।
हालांकि एरिया बेस्ड सेलेक्शन के लिए पोलिंग बुधवार को बंद हो सकती है। निगम अधिकारियों ने पोलिंग बंद कराने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है।
नगर निगम ने कौशांबी, ब्रिज विहार, सूर्य नगर, चंद्रनगर, साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र का एरिया स्मार्ट सिटी के लिए फाइनल कर दिया है। ऑनलाइन पोलिंग में इसी एरिया को सबसे ज्यादा 83 फीसदी वोट मिले थे।
स्मार्ट सिटी मिशन के सहायक नोडल अधिकारी एसएस चौहान का कहना है कि एरिया बेस्ड सेलेक्शन की प्रक्रिया पूरी हो जाने के कारण अब यह ऑनलाइन वोटिंग बंद कराने के लिए पत्र भेजा गया है। हालांकि पब्लिक से मिलने वाले सुझावों को बंद नहीं किया जाएगा।
20 जून तक स्मार्ट सिटी प्रपोजल को अंतिम रूप दिया जाएगा। ऐसे में प्रयास है कि 15 जून तक सुझाव लिए जाएं, ताकि पब्लिक के सुझावों के मुताबिक एससीपी में प्रावधान किया जा सके। 31 मई तक 9964 लोगों ने गाजियाबाद को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए हैं।