गाजियाबाद। राजनगर स्थित होटल कारोबारी की कोठी में छह बदमाश 25 अगस्त की दोपहर डकैती की वारदात को अंजाम देने आए थे। बदमाशों को कोठी के कोने-कोने की जानकारी थी। बदमाश मुख्य गेट से कोठी में दाखिल हुए और सीधे ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। जहां उन्होंने कोठी के मुख्य कमरे में घुसने का प्रयास किया। इसी बीच कोठी में घरेलू सहायक धन बहादुर ने उन्हें देख लिया और मालिक को फोन कर शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश वारदात देने में विफल रहे और घरेलू सहायक से मारपीट कर उसके दो मोबाइल लूटकर भाग गए। सीसीटीवी ने कई अन्य राज का खुलासा किया है, पुलिस ने छह में चार आरोपी हिरासत में ले लिए हैं। कविनगर पुलिस को घर के भेदी की तलाश है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे छह बदमाश कोठी के नजदीक एकत्र हुए। सवा दो बजे होटल कारोबारी की कोठी में दाखिल हुए और एक के बाद एक छह बदमाश कोठी के बाहरी छोर पर स्थित सीढ़ियों से होते हुए ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। जहां उन्होंने छिपने का प्रयास किया लेकिन घरेलू सहायक ने उन्हें देख दिया। सूत्रों का कहना है कि बदमाश अमरोहा, बिहार और गाजियाबाद के हैं। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कर चार को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पूछताछ में बदमाशों ने कोठी में काम कर चुके एक घरेलू सहायक को अपना सरगना बताया है। हालांकि वह पुलिस की पकड़ से फिलहाल बाहर है। जल्द ही पुलिस उसे पकड़ने का दावा कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से यह भी खुलासा हुआ है कि चार बदमाश असलाह से लैस थे। योजना के मुताबिक बदमाश दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में छिपते और रात को डकैती की वारदात को अंजाम देते। हालांकि घरेलू सहायक और पुलिस की सजगता से बदमाश डकैती की वारदात को अंजाम देने में विफल रहे।
अमरोहा और बिहार के हैं बदमाश
पुलिस सूत्रों की मानें तो हिरासत में लिए गए बदमाश अमरोहा और बिहार के रहने वाले हैं। यह गिरोह फैक्ट्रियों और घरों में काम करने वालों का है। गिरोह ऐसे धनाड्य लोगों की तलाश करता है जहां परिवार के सदस्य कम हों। पकड़े गए बदमाशों में से दो का आपराधिक इतिहास की फेहरिस्त काफी लंबी है।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि राजनगर में होटल कारोबारी के घर आए छह बदमाशों की पहचान कर ली गई है, आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें बाहरी जनपदों में हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। जांच पड़ताल में पता चला है कि बदमाशों को कोठी के कौने-कौने की जानकारी थी।