सरकार द्वारा मांगे न माने जाने पर सोमवार को महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने जिला मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने और प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश अध्यक्ष शालिनी सिंह के नेतृत्व में जनपद की समस्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां जिला मुख्यालय पहुंचीं और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने कहा कि हौसला पोषण योजना से उन लोगों की फजीहत हो रही है। उनकी मांग की है कि योजना के तहत आने वाला पैसा या तो केवल प्रधान के खाते में जाए अथवा लाभार्थी के खाते में।
उन्हें बीच में न रखा जाए। संयुक्त खाते की वजह से प्रधान उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। साथ ही मानदेय की जगह वेतन, ढुलाई भत्ता बढ़ाने, केंद्रों पर रजिस्टर, एक मेज व दो कुर्सी, बच्चों के लिए दरी अथवा टाट पट्टी की डिमांड समेत कई अन्य मांगों को ज्ञापन के जरिए रखा।
दोपहर एक बजे तक कार्यकत्रियां प्रदर्शन करती रहीं और थाली कटोरी बजाती रहीं लेकिन उनकी बात सुनने कोई कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। नाराज कार्यकत्रियाें ने जब रोड जाम करने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचित किया।
इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और कार्यकत्रियों का ज्ञापन लिया। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष गीता राय, मिथलेश, मुन्नीदेवी, शशीबाला, मालती शर्मा, उमा शर्मा, मिली आदि शामिल रहीं।