साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठगों को 10 प्रतिशत कमीशन पर अपना बैंक खाता देने वाले लाजपतनगर निवासी पंकज को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से अप्रैल में 14.54 लाख रुपये की ठगी का पर्दाफाश होने के साथ ही तीन राज्यों की पांच घटनाओं का भी पता चला है। पकड़ा गया ठग ऐसे गिरोह से जुड़ा है जो घर बैठे कमाई का झांसा देकर ठगी करता है। पुलिस गिरोह के अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।
एडीसीपी क्राइम पीयूष कुमार सिंह के मुताबिक 14 अप्रैल को शाहपुर बम्हैटा निवासी कविता तोमर ने टेलीग्राम टास्क के जरिए कमाई के नाम पर 14.54 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराया था। पुलिस ने केस की जांच करने के दौरान लाजपतनगर निवासी पंकज को विजयनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके गिरोह के लोग इंटरनेट के जरिए टास्क पूरा करने का झांसा देकर ठगी करते हैं। उसने सिरोली निवासी अंकुर शर्मा को अपना बैंक खाता 10 प्रतिशत कमीशन पर दिया था। अंकुर ने उसके खाते में करीब साढ़े तीन लाख रुपये (साइबर ठगी की धनराशि) ट्रांसफर कराई थी। इस धनराशि को पंकज ने एटीएम से निकालकर अपना कमीशन काटकर अंकुर को दे दिया था। आरोपी से पूछताछ के आधार पर तमिलनाडु के तीन, झारखंड के रामगढ़ निवासी मोहम्मद मुमताज और उड़ीसा निवासी एक महिला से हुई साइबर ठगी की घटना का पता चला है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश से एक मोबाइल भी बरामद किया है।