गाजियाबाद। जिले में संचारी रोगों का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। डेंगू और मलेरिया के नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है। वहीं, मलेरिया के दो नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 27 पहुंच गई है।
जिला मलेरिया अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा का कहना है कि लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए जांच और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों को घरों और आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक कर रही हैं। साथ ही कूलर, गमलों, पुराने टायरों और अन्य स्थानों पर पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी जा रही है। विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की अपील की गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म करना संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी है।
जिला संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता का कहना है कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान की अवधि भी बढ़ा दी गई है। अब यह अभियान 15 नवंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के साथ ही बीमारी की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगी।