गाजियाबाद। फोन कॉल न उठाने वाले अफसर-कर्मचारियों पर शिकंजा कसेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इसको लेकर अधीनस्थाें के साथ बैठक की और कड़ाई से इसका पालन सुनिश्चित कराने के आदेश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों से लेकर आम जनता की यह शिकायत रहती है कि निगम के अफसर और कर्मचारी फोन नहीं उठाते। इसलिए उनको मजबूरी में कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसमें उनको समय और धन दोनों की बर्बादी होती है। मजबूरी में उच्चाधिकारियों के पास जाना पड़ता है।
नगर आयुक्त ने बताया कि सभी विभागों के अफसर और कर्मचारियों को स्पष्ट तौर पर कॉल उठाने और कॉल न उठने की दशा में वापस कॉल करने के आदेश जारी किए गए हैं। आगे यदि इसमें किसी प्रकार की शिकायत आती है तो कार्रवाई तय है। उन्होंने आईजीआरएस, सोशल मीडिया और सीयूजी नंबरों पर आने वाली शिकायतों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण के आदेश दिए।
नगर आयुक्त ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को मोहननगर, सिटी और कविनगर जोन के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से लेकर नागद्वार, मोहननगर चौराहा, एलिवेटड रोड, फुटपाथ आदि स्थानों पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता जांची। मौके पर मिली खामियों को लेकर नाराजगी प्रकट की। उन्होंने सड़कों से धूल हटाने और कार्य में गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया। इस मौके पर मुख्य अभियंता एनके चौधरी समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।