साहिबाबाद। नवीन फल सब्जी मंडी के बाहर सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी से किए गए अतिक्रमण पर नगर निगम ने बृहस्पतिवार को चाबुक चलाया। टीम ने मंडी के मुख्य गेट पर लगी रेहडरी-ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटा दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ फुटकर विक्रेताओं ने विरोध किया। इस दौरान एक दुकानदार ने टीम के सामने ही खोखा टूटने पर सामान में आग लगा दी। हालांकि इसके बावजूद निगम ने कार्रवाई जारी रखी।
मंडी के बाहर अतिक्रमण की खबर को संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला में 16 सितंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। मंडी के बाहर रेहड़ी-पटरी लगने से सड़क किनारे जगह कम होने और लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। खबर का संज्ञान लेकर बृहस्पतिवार को निगम की टीम कार्रवाई करने के लिए मंडी पहुंची। टीम के पहुंचने पर विक्रेताओं ने विरोध शुरू कर दिया। निगम की टीम ने दुकानदार से जुर्माने की पर्ची कटवाने को कहा तो उसने इन्कार कर दिया। टीम ने कार्रवाई करते हुए खोखे को तोड़ दिया तो गुस्से में उसने सामान को ही आग लगा दी। इस दौरान रेहड़ी-पटरी वालों पर 15,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यह कार्रवाई जोनल प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई के दौरान सड़क और मंडी के प्रवेश मार्ग को खाली कराया गया। निगम अधिकारियों ने अतिक्रमण दोबारा न करने की चेतावनी दी।