मोदीनगर। बागपत-मोदीनगर के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात कर मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर थ्रू फुट ओवर ब्रिज बनवाने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने मोदीनगर तहसील के अंतर्गत रेल से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी शीघ्र पूरे कराने की मांग की।
सांसद डॉ.राजकुमार सांगवान ने रेल मंत्री को जानकारी दी कि मौजूद पुराना फुट ओवर ब्रिज विद्यार्थियों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध कराने की बात थी लेकिन अब सुरक्षा कारणों के चलते पुराने फुट ओवर ब्रिज को ध्वस्त कर दिया गया। जिसके चलते आवागमन का विकल्प ही समाप्त हो गया है।
सांसद ने नवनिर्मित फुट ओवर ब्रिज में थ्रू पैसेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। सांसद ने बताया कि तिबड़ा रोड रेलवे क्रॉसिंग पर दुपहिया वाहनों के लिए फुट ओवर ब्रिज का प्रस्ताव जून 2025 में रेलवे बोर्ड द्वारा शॉर्ट लिस्ट किया जा चुका है लेकिन अभी तक भी इसका निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया है। सांसद ने बताया कि रेल मंत्री ने उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया है।