गाजियाबाद। उमस और तेज धूप से बेहाल लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। खासकर 20 और 21 जुलाई को कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में बादल छाए रहने और बारिश होने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे कमी आएगी।
मौसम विभाग के अनुसार, 18 जुलाई को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 19 जुलाई को भी बादल बने रहेंगे व एक-दो दौर की बारिश के आसार हैं। 20 जुलाई से वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि 21 जुलाई को गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। 22 और 23 जुलाई को भी बादल छाए रहने और रुक-रुककर वर्षा होने का अनुमान है।
कृषि मौसम सेवा विभाग के प्रोफेसर यूपी शाही ने बताया कि प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिर तेज हो रही हैं। विशेषज्ञों ने किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने और आम लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश खेती के लिए लाभदायक हो सकती है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो सकती है। ऐसे में लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।