हापुड़। अर्जुननगर में चार दिन के अंदर तीन बार 400केवी का ट्रांसफार्मर फुंकने से इस क्षेत्र को सप्लाई नहीं मिल रही है। इससे परेशान लोग सदर विधायक के आवास पर पहुंचे। लोगों की समस्या सुनने के बाद विधायक ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तलब किया और दो दिन के अंदर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही 150 करोड़ की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इतना पैसा खर्च हुआ है तो असर भी दिखना चाहिए।
सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने निगम के अधिकारियों से कहा कि रात के समय आप तो फोन बंद कर सो जाते हैं लेकिन मेरी विधानसभा का हर व्यक्ति मुझसे फोन कर जवाब मांगता है। ऊर्जाकरण और संसाधनों के विकास पर सरकार खूब बजट दे रही है। फिर जिले को ऐसी स्थिति से क्यों गुजरना पड़ रहा है।
अर्जुननगर समेत कोठीगेट, गढ़ रोड से आए लोगों ने बताया कि दिल्ली रोड के फीडर नंबर चार और छह की स्थिति बेहद खराब है। अतरपुरा बिजलीघर के फीडर नंबर एक से अत्यधिक लोड जोड़ा गया है। इससे फाॅल्ट अधिक बढ़ रहे हैं। अधिकारियों ने भूमिगत लाइन चालू नहीं कराई है।
इस पर अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि 400केवी के जिन ट्रांसफार्मरों पर पांच दिन पहले लोड 300 केवी तक था, अब वह बढ़कर 800 तक पहुंच गया है। 25 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, 40 और स्वीकृत हैं। फीडरों पर बांटे गए लोड की स्थिति से भी लोगों को अवगत कराया गया।
गर्मियों के दिनों में बिजनेस प्लान के कार्यों को लेकर लोगों ने नाराजगी जतायी। इस पर अधिशासी अभियंता ने बताया कि अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में इस प्लान में कार्य रोक दिए गए हैं। सिर्फ जरूरी कार्य ही कराए जा रहे हैं। अर्जुननगर की समस्या पर उन्होंने बताया कि 400केवी ट्रांसफार्मर का कुछ लोड दूसरे संयोजन पर डाला गया है। एक 250केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर भी यहां के लिए स्वीकृत हो गया है। उन्होंने दो दिन के अंदर व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। मौके पर विजय त्यागी, राजकुमार शर्मा, सुरजीत, आशु शर्मा, मोहित, दिनेश शर्मा, महेश, रामकिशोर आदि मौजूद रहे।