साहिबाबाद। मोहन नगर स्थित अर्थला की कैलाश पार्क कॉलोनी में नाले पर बनी पुलिया पर रैंप का निर्माण लोगों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी पैदा कर रहा है। तीन साल से निवासी जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान किए बिना ही उसे पोर्टल पर निस्तारित दिखा दे रहे हैं।
दरअसल, अर्थला की कैलाश पार्क कॉलोनी में नाले पर बनी पुलिया पर रैंप बनाया जाना था। अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बाद एक ओर से रैंप बनाया गया। वह भी सड़क से काफी ऊपर बना दिया गया। इससे लोगों को सुविधा के बजाय परेशानी हो रही है। चूंकि रैंप को पुलिया से सही नहीं जोड़ा गया है और ऊचाई ज्यादा हाेने के कारण वाहन पुलिया से टकराते हैं।
स्थानीय निवासी बीरपाल डबास ने बताया कि जनसुनवाई पोर्टल पर पुलिया पर रैंप के निर्माण को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। करीब तीन वर्ष पूर्व निर्मित पुलिया मुख्य सड़क से काफी ऊंची है, इससे बुजुर्गों, बच्चों, दोपहिया व चार पहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उधर, नगर निगम के अधिकारियों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत का निस्तारण करते हुए फाइल बंद कर दी है। जबकि समस्या का मौके पर कोई समाधान नहीं कराया गया। पोर्टल पर निस्तारण के लिए लगाए गए फोटो भी गलत हैं।
वहीं, नगर निगम के अवर अभियंता संजय गंगवार ने बताया कि टीम से निरीक्षण कराया तो एक तरफ रैंप बन गया है दूसरी ओर पेयजल पाइपलाइन और बिजली पोल शिफ्टिंग का कार्य शेष है। संबंधित विभागों के कार्य पूर्ण होने के बाद दूसरी तरफ भी रैंप का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में शिकायतकर्ता से बात करके स्थिति की जानकारी भी दी गई है।