गाजियाबाद। छठ महापर्व पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सा व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया है। पूजा के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या अचानक चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ने पर उसे तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए जिले के 13 प्रमुख घाटों पर 28 टीमें तैनात रहेंगी। खास बात यह है कि इस बार स्वास्थ्य विभाग पहली बार मोबाइल मेडिकल टीमों की भी व्यवस्था कर रहा है। इसके अलावा 20 एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा जाएगा।
चार दिवसीय छठ महापर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। विशेषकर संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के समय बड़ी संख्या में लोग नदी और नहरों के किनारे पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ के बीच किसी तरह की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने इंतजाम किए हैं। हिंडन नदी घाट सहित जिले के 13 स्थानों को चिकित्सा व्यवस्था के लिए चिह्नित किया गया है।
सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य के अनुसार 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक चिकित्सकीय टीमें घाटों पर मौजूद रहेंगी। इसके बाद 16 नवंबर को सुबह चार बजे से मेला समाप्त होने तक स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी टीमों को प्राथमिक उपचार की आवश्यक दवाओं और संसाधनों के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। गंभीर हालत में मरीज को नजदीकी सरकारी अस्पताल में रेफर किया जाएगा।
अस्पतालों में बेड आरक्षित, एंबुलेंस भी रहेंगी तैयार
छठ पर्व के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकारी अस्पतालों को भी अलर्ट किया गया है। जिला अस्पताल के साथ दोनों बड़े अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल भर्ती करने के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं। इसके साथ ही 102 और 108 सेवा की कुल 20 एंबुलेंस घाटों के आसपास उपलब्ध रहेंगी, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
विभाग की ओर से डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए भी कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत चिह्नित घाटों और आसपास के क्षेत्रों में दवा का छिड़काव कराया जाएगा। मोबाइल मेडिकल टीमों की तैनाती से उन स्थानों पर भी चिकित्सा सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी, जहां स्थायी मेडिकल टीमों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
हिंडन घाट पर सबसे अधिक टीमें रहेंगी तैनात
स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयार सूची के अनुसार हिंडन नदी घाट पर चार टीमें लगाई जाएंगी। खोड़ा, मकनपुर, करहेड़ा कॉलोनी के निकट हिंडन घाट, लोनी घाट, गंगनहर घाट और वसुंधरा नहर पर दो-दो टीमें रहेंगी। इसके अलावा गोल पार्क लाजपत नगर साहिबाबाद, जनकपुरी खजूर पार्क, कोयल एन्क्लेव साहिबाबाद, अकबरपुर बहरामपुर, शहीद मंगल पांडे विवेकानंद नगर और भोवापुर में अंतरिक्ष बिल्डिंग के सामने भी दो-दो चिकित्सकीय टीमें तैनात की जाएंगी।
मौके पर मिलेगा उपचार
छठ पूजा के नोडल अधिकारी जीके मिश्रा ने बताया कि सभी चयनित घाटों पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया जाए। गंभीर मरीजों को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल में रेफर किया जाए। पर्व के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में किसी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए सभी संबंधित इकाइयों को सतर्क रहने को कहा गया है।