गाजियाबाद। राज्य कर संग्रह विभाग की जोन द्वितीय टीम ने इंदिरापुरम स्थित कलेवा रेस्टोरेंट पर छापा मारकर अहम दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। रेस्टोरेंट संचालक के खिलाफ लंबे समय से कई बार बिना बिल के उत्पादों की बिक्री करने की शिकायत की जा रही थी। अपर आयुक्त ग्रेड संख्या एक संजीव भागिया के निर्देशों के बाद अपर आयुक्त ग्रेड संख्या दो एसआईबी की टीम ने बुधवार को रेस्टोरेंट पर छापा मारा।
अपर आयुक्त ग्रेड संख्या दो मोनू त्रिपाठी ने बताया कि जोन द्वितीय के अपर आयुक्त ग्रेड वन के पास कई बार रेस्टोरेंट संचालक के पास बिना बिल के लेनदेन करने की शिकायत आ रही थी। टीम की ओर से रेकी करने के बाद रेस्टोरेंट पर छापा मारा गया है। टीम दोपहर 12:15 बजे ही उपायुक्त एसआईबी के नेतृत्व में रेस्टोरेंट में पहुंच गई थी। टीम के पहुंचते ही रेस्टोरेंट के कर्मचारियों में खलबली मच गई। जानकारी के अनुसार देर रात नौ बजे तक टीम दस्तावेजों को खंगालती रही। सभी कर्मचारियों को उनके ही स्थान पर रहकर सहयोग करने के लिए कहा गया। टीम देर रात तक रेस्टोरेंट में ही दस्तावेजों को खंगालने में जुटी रही। बताया कि रेस्टोरेंट संचालकों को आईटीसी नहीं दिया जाता है लेकिन फिर भी कई बार रेस्टोरेंट संचालक टर्नओवर कम दिखाकर आईटीसी क्लेम कर देते हैं। इस वजह से रेस्टोरेंट संचालकों के यहां कई बार छापा मारने के दौरान स्टॉक में भी खामियां पाई जाती हैं।