खोड़ा। लोकतंत्र में मतदाताओं की आस्था और मताधिकार का प्रयोग करने की इच्छा शुक्रवार को खोड़ा में देखने को मिली। प्राथमिक विद्यालय खोड़ा गांव के एक मतदान केंद्र पर हल्दी लगाए हुए करण कुमार जब बूथ पर पहुंचे तो सबकी निगाहें उनकी ओर टिक गई। करण की शादी शुक्रवार को ही थी, दोपहर में घुड़चढ़ी होनी थी। घुड़चढ़ी से पहले सुबह में करण हल्दी की रसम पूरी कर वोट डालने पहुंचे।
मतदाता के कतार में खड़े हल्दी लगाए करण को खड़ा देख अन्य मतदाता भी हैरान हुए लेकिन बाद में सभी ने उनकी तारीफ की। कतार में करण सबसे पीछे थे लेकिन जब लोगों ने उनके शरीर पर हल्दी और कलाई में कंगना देखा तो कतार में सभी लोगों ने करण को आगे कर दिया और सबसे पहले वोट डालने को कहा। बूथ पर करण की ही चर्चा मतदाताओं के बीच रही।
खोड़ा में गंगाजल के मुद्दे पर दिया वोट
करन ने वोट डालने के बाद गर्व से अपनी उंगली पर लगी स्याही का निशान दिखाते हुए फोटो खिंचाई और कहा कि सबसे जरूरी काम पहले अपना मतदान देना है। उन्होंने कहा कि खोड़ा में पिछले कई सालों से पानी की समस्या बनी हुई है। स्थानीय समस्या तो बहुत सारी हैं लेकिन पानी की समस्या सबसे बड़ी है। उन्होंने कहा कि खोड़ा में गंगाजल दिलाने के लिए ही उन्होंने वोट किया। उन्होंने कहा कि क्या पता मेरे एक वोट से अच्छा नेता आए और खोड़ा में विकास करे।