फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी सरकार का मंत्र, ‘गरीबों का पैसा खींचो, अमीरों को सींचो’

Thu, 09 Feb 2017 12:58 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला /गाजियाबाद
विज्ञापन
राहुल गांधी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नोटबंदी और उद्योगों की बदहाली रही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का मंत्र है ‘गरीबों का पैसा खींचो और अमीरों को सींचो’। देश के किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं को लाइन में खड़ा कर दिया। अब वक्त लाइन में लगकर नरेंद्र मोदी को जवाब देने का है। 
विज्ञापन


मुरादनगर के रावली रोड रामलीला मैदान में बुधवार को राहुल गांधी कांग्रेस-सपा गठबंधन प्रत्याशी सुरेंद्र प्रकाश गोयल के समर्थन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा गठबंधन की हवा चल रही है, जिसे आंधी में बदलना है। ढाई साल पहले हर गरीब को15 लाख देने का वादा नरेंद्र मोदी ने अब तक पूरा नहीं किया है।

देश की जनता को झाडू़ पकड़ा दी। बीते साल आठ नवंबर को लोगों की खून-पसीने की कमाई को रद्दी कर दिया। लोगों को बैंकों के बाहर लाइन में खड़ा कर दिया, जहां कोई भ्रष्ट और सूटबूट वाला आदमी नहीं दिखा।  गठबंधन को वोट देकर जनता सबक सिखाएगी।
विज्ञापन


मोदी जी ने बिहार बदलने की बात कही लेकिन वहां गठबंधन ने उन्हें आइना दिखा दिया। अब उनके मुंह से बिहार शब्द नहीं निकला। यूपी के चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश नहीं बोलेंगे। इस दौरान कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव नसीब सिंह, पर्यवेक्षक कुलदीप शर्मा, जिलाध्यक्ष हरेंद्र कसाना, महानगर अध्यक्ष नरेंद्र भारद्वाज, प्रदेश सचिव डा. संजीव शर्मा, सपा जिलाध्यक्ष साजिद हुसैन, महानगर अध्यक्ष संजय यादव, एमएलसी आशु मलिक, जिला पंचायत अध्यक्ष नूर हसन, कांग्रेस नेता सुबोध त्यागी, सतीश त्यागी, मीडिया प्रभारी अजय वर्मा, देवदत्त त्यागी, त्रिलोक सिंह मौजूद रहे। इस दौरान निर्दलीय प्रत्याशी ताज चौधरी ने गठबंधन प्रत्याशी को समर्थन दिया। 


21 मिनट के भाषण में 10 मिनट मोदी पर खर्च 
करीब 21 मिनट के भाषण में राहुल 10 मिनट प्रधानमंत्री मोदी और 11 मिनट उत्तर प्रदेश की खुशहाली पर खर्च किए। राहुल ने कहा कि दुनिया के नक्शे में उत्तर प्रदेश के उत्पादन को देखने का उनका सपना है। करीब 5:15 पर राहुल गांधी रवाना हो गए।

उनकी सुरक्षा में पुलिस, एसपीजी, पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। राहुल गांधी जैसे ही हैलीकॉप्टर से उतकर कार से सभास्थल की बढ़े तो लोगों ने उन्हें घेर लिया। पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को हटाया।  

30 हजार बुनकरों को साधा 
राहुल गांधी ने प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनने पर मुरादनगर के बुनकरों की कारीगरी की पहचान विदेश तक पहुंचाने की बात कहकर तीस हजार से अधिक लोगों को साधने काम किया।

मुरादनगर की लाइफ लाइन बुनकरों को कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मुरादनगर में बनने वाली चादर की पहचान प्रदेश और देश में होती है, प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनी तो बुनकरों को किफायती लोन दिया जाएगा। 

पीके की टीम ने नब्ज टटोली, मायावती का विवादित बयान सुनाया 
टीम पीके जनसभा के पहले और बाद में लोगों से बातचीत कर उनका रुझान लिया। चुनावी गणित और विभिन्न दलों के प्रत्याशियों के बारे में भी जाना। उधर,  मंच संचालन कर रहे सपा-कांग्रेस पदाधिकारियों ने मायावती का एक विवादित बयान लोगों को सुनाया। उसमें कट्टरपंथी चुनाव नहीं जीतें, इसलिए बीजेपी को वोट ट्रांसफर करने की बात मायावती कहती सुनाई दे रहीं हैं।

 हाईवे पर जाम, बच्चे हुए परेशान 
राहुल गांव की जनसभा के बाद हाईवे और रावली रोड पर भीषण जाम लग गया। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई।  उधर, राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर शहजादपुर मार्ग पर उतारने से मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिससे स्कूली बच्चों को परेशानी हुई। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें