इंदिरापुरम। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में शराब पार्टी के दौरान हुई छेड़छाड़ के मामले में युवती ने अपने बयान दर्ज कराए। बयानों के बाद पुलिस ने जल्द मामले में सबूत एकत्रित कर अंतिम रिपोर्ट पेश करने की बात कही है।
घटना 14 मार्च की सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। पुलिस ने केस 20 दिन बाद पांच अप्रैल को दर्ज किया था। दर्ज रिपोर्ट में युवती ने पुलिस को बताया था कि वह सेक्टर-63 की एक कंपनी में जॉब करती हैं। कंपनी में यूएस बेस्ड कॉलिंग की जाती हैं। 14 मार्च को तड़के करीब 3:30 बजे शिफ्ट खत्म होने के बाद मैनेजर और अन्य करीब दस साथियों ने पार्टी करने का प्लान बनाया। इसमें तीन लड़कियां शामिल थीं। करीब चार बजे शक्ति खंड तीन निवासी टीम लीडर भानु प्रिया के घर पर पार्टी का आयोजन किया गया। करीब साढ़े आठ बजे तक पार्टी चली। पार्टी में उनका ब्यॉय फ्रेंड भी शामिल हुआ था, लेकिन वह सुबह जल्दी निकल गया। सभी ने पार्टी में शराब का सेवन किया था। पार्टी खत्म होने के बाद दिल्ली निवासी मैनेजर एरन पोर्ट्स अपनी सहकर्मी को गाड़ी में घर छोड़ने की जिद करने लगा। काफी मना करने के बाद मैनेजर नहीं माने, तो उन्हें मजबूरन गाड़ी में बैठना पड़ा। आरोप है कि गाड़ी में बैठते ही मैनेजर उनके बाल खींचने लगे। जब गाड़ी नोएडा इलेक्ट्रोनिक मैट्रो स्टेशन के पास पहुंची तो आरोपी मैनेजर ने उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। फिर उन्हें गाड़ी रुकवाई और उतर गई।