‘अमनमणि और उसके पूरे परिवार को सपा सुप्रीमो रहे मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव का संरक्षण प्राप्त है। यह संरक्षण शुरू से ही प्राप्त रहा है।’ बुधवार को सीबीआई कोर्ट पहुंची सारा सिंह की मां सीमा सिंह ने यह गंभीर आरोप लगाए।
मीडिया से बात करते हुए सीमा सिंह का कहना था कि मुलायम और शिवपाल की मेहरबानी के चलते ही गोरखपुर जेल में बंद अमरमणि और गािजयाबाद जेल में बंद अमनमणि को तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कहने भर को दोनों लोग जेल में हैं, मगर सुविधाएं उन्हें बिलकुल घर जैसी दी जा रही हैं। सीमा सिंह ने यह भी कहा कि सारा की हत्या के बाद से ही अब उन्हें भी जान का खतरा है। आए दिन उन्हें धमकी दी जाती है।
अमनमणि ने उनके पीछे शूटर लगा रखे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी सारा की हत्या सिर्फ आठ-दस करोड़ रुपये दहेज के लिए की गई। अमरमणि अपने बेटे अमनमणि की शादी किसी ऐसे परिवार में करना चाहता था, जहां से उसे आठ-दस करोड़ रुपये बतौर दहेज मिल जाएं।
अमनमणि के खिलाफ सीबीआई की चार्जशीट दाखिल किए जाने के मामले में सीमा ने कहा कि भारतीय न्याय व्यवस्था पर उन्हें पूरा यकीन है। यहां हत्या के लिए फांसी दी जाती है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि कोर्ट इस मामले में भी आरोपी को फांसी की ही सजा देगी।
अमनमणि मामले में कोर्ट ने चार्जशीट पर लिया संज्ञान
सारा हत्याकांड प्रकरण में जेएम सीबीआई कोर्ट ने बुधवार को चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया। जेएम चेतना सिंह ने इस मामले में सुनवाई के लिए 9 मार्च की तारीख लगाई है।
इससे पूर्व डासना जेल में बंद अमनमणि त्रिपाठी को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। सीबीआई ने अपनी चार्जशीट में अमनमणि त्रिपाठी को आईपीसी की धारा-498ए, 302, 201 और 120बी के तहत आरोपी बनाया है।