गाजियाबाद। 15 दिन पहले सड़क हादसे में घायल युवक की शनिवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हापुड़ रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के पास फ्लाईओवर के नीचे शव रखकर जाम लगा दिया।
करीब 40 मिनट तक ठिठके वाहनों से आंबेडकर रोड, अंडरपास, मेरठ रोड और लोहियानगर रोड जाम हो गई। मौके पर पहुंची सिहानी गेट पुलिस ने उचित मुआवजा व आरोपी कार मालिक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया और शव अंतिम संस्कार के लिए हिंडन मोक्षधाम भेजा गया।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि एक मई 2026 की रात पुराने बस स्टैंड के नीचे बाइक सवार संजय कुमार (30) और सोनू निवासी प्राणगढ़ी को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल संजय को पहले सर्वोदय नर्सिंग होम और उसके बाद संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी कार चालक तुषार गोयल निवासी लोहियानगर थाना सिहानी गेट के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर ली। शनिवार की सुबह उपचार के दौरान संजय की मौत हो गई। पुलिस ने शव का मेडिकल परीक्षण कराकर परिजनों को सौंप दिया।
परिजन शव लेकर हापुड़ रोड स्थित पुराना बस स्टैंड के सामने फ्लाईओवर के नीचे पहुंचे और शव रखकर जाम लगा दिया। जाम लगाने वालों ने परिजनों को उचित मुआवजा, आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मौके पर अधिकारियों को बुलाने की मांग की। सूचना पर सिहानी गेट थाना निरीक्षक कुलदीप दीक्षित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जाम लगाने वालों को मांग पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
लोगों ने बताया कि संजय को घायलावस्था में पहले सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी कार मालिक ने घायल का उपचार कराने का आश्वासन दिया। बताया गया कि मात्र 30 हजार रुपये देकर कार चालक ने कॉल उठानी बंद कर दी। इसके बाद कार का इंश्योरेंस और अन्य दस्तावेज तैयार कराकर अपनी जमानत करा ली। उसके बाद आर्थिक मदद से भी इन्कार कर दिया। परिजनों ने आरोपी कार मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
समाधान दिवस में शरीर पर केरोसिन उडेल कर आत्मादाह का प्रयास करने वाली महिला अपने परिजनों के साथ।