गाजियाबाद। एलिवेटेड और कनावली पुलिया मार्ग पर लगे कई कैमरे खराब हो चुके हैं। इन कैमरों को बदलकर हाईटेक कैमरे लगवाने के लिए नगर निगम की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इन कैमरों को आईटीएमएस के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि आईटीएमएस के तहत शहर के 41 चौराहों को कैमरों से लैस किए जाने के बाद अब शहर के आंतरिक मार्गों पर भी लगभग 350 स्थानों पर कैमरे लगाया जाएंगे। इसके अलावा एलिवेटेड और कनावली पुलिया मार्ग के खराब हो चुके कैमरों को बदलने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। इससे अपराध कम करने व नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। नगर निगम की ओर से कैमरों को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अलावा एलिवेटेड और कनावली पुलिया मार्ग लगे स्ट्रीट लाइटों को बदलने के लिए भी कार्रवाई की जाएगी।