साहिबाबाद। सोसायटी में आवारा कुत्तों की समस्या से निजात पाने को शिप्रा सनसिटी एओए ने एक अनोखा तरीका अपनाया है। सोसायटी के आवारा कुत्तों को एक खास निशान लगाया जाएगा, इससे उसकी पहचान हो सकेगी कि वह इसी सोसायटी का है। इसके अलावा बाहर से सोसायटी में आने वाले आवारा कुत्तों को सोसायटी से निकाल दिया जाएगा। सोसायटी में इस पहल के लिए रविवार को बैठक में सदस्यों की मुहर लगनी है।
वार्ड 100 के पार्षद व शिप्रा सनसिटी निवासी संजय सिंह का कहना है कि सोसायटी में आवारा कुत्तों की वजह से लोग परेशान रहते हैं। उन्होंने बताया कि पहले सोसायटी के सभी आवारा कुत्तों का बधियाकरण किया जाएगा। इसके बाद सभी कुत्तों के गले में शिप्रासनसिटी का कुछ खास निशान बनाया जाएगा या चिप लगाया जाएगा। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष वृंदा चावड़े ने बताया कि सोसायटी में कुत्तों की वजह से आए दिन विवाद होते हैं। ऐसे में यह पहल की जा रही है, ताकि विवाद पर विराम लग सके।