गाजियाबाद। जिले में मंगलवार को उत्तराखंड के मसूरी जितनी ठंड रही। अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे का ऑरेंज अलर्ट रहा। सुबह दृश्यता कम होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मिनटों का सफर घंटों में तय हुआ। दिन में निकली हल्की धूप भी ठंड से राहत नहीं दिला सकी। दोपहर बाद सूरज बादलों की ओट में छिप गया। सुबह-शाम ठिठुरन ने ज्यादा सताया। हवा छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चली। आर्द्रता 80 फीसदी रही। बाजार में भी इसका खासा असर रहा। ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। लोग भी बाजारों में कम निकले। खेती किसानी का काम सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आज मौसम साफ रहने की संभावना जताई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि बुधवार तड़के कोहरे का असर दिखेगा। लेकिन जैसे-जैसे दिन निकलेगा। कोहरे का असर कम होता जाएगा। दोपहर में धूप निकलेगी। इससे सर्दी से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर आठ पहुंच सकता है। आधी रात के बाद बादल छाएंगे और नए साल पर बारिश होने की संभावना बन रही है। इस दौरान कोहरे से तो राहत मिलेगी, लेकिन हवा की रफ्तार बढ़ने से ठिठुरन बढ़ेगी। लोगों को इस मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। सप्ताह के अंत में मौसम दोबारा से दो, तीन दिन के लिए साफ होगा।