गाजियाबाद। गोविंदपुरम अनाज मंडी में लोकसभा चुनाव की मतगणना चार जून को कड़ी सुरक्षा में होगी। पुलिस ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है। मतगणना वाले दिन दो शिफ्ट में पुलिसकर्मी ड्यूटी करेंगी। इस दौरान 1800 पुलिसकर्मी मतगणना में सुरक्षा की कमान संभालेंगे। पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखेगी। मंडी परिसर में चेकिंग के लिए 25 डीएफएमडी लगाए जाएंगे और सात ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। वहीं, हापुड़ रोड पर रूट डायवर्जन रहेगी। मतगणना स्थल की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
पुलिस आयुक्त अजय कुमार मिश्र ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने और पारदर्शिता के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी है। इस दौरान 240 बॉडी वॉर्न कैमरे पुलिसकर्मियों को दिए गए हैं। साथ ही भीड़ वाले इलाके में सात ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था में 1410 सिविल पुलिसकर्मी, 300 यातायात पुलिसकर्मी व सात एसीपी समेत अन्य फोर्स की तैनाती की जा रही है। पुलिसकर्मियों के लिए मंडी में दो टेंटों की व्यवस्था की गई है। जहां पुलिसकर्मी बैठकर जलपान कर सकेंगे।
दो पार्किंग स्थल बनाए गए हैं
पुलिस आयुक्त ने बताया कि मतगणना स्थल पर आने वालों के लिए अलग-अलग पार्किंग बनाई गई है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रत्याशियों व मीडियाकर्मियों के लिए मंडी के सामने पुलिस लाइन के खाली मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इन सभी वाहनों के लिए पुलिस की तरफ से वाहन पास जारी किए जाएंगे। इनके अलावा मतगणना में आने वाले कर्मचारी, पुलिसकर्मियों व प्रत्याशियों के मतगणना एजेंटों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था एनडीआरएफ के सामने मैदान में की गई है।