माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। नगर निगम की ओर से ऊर्जा संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। निगम ने मुख्य एलिवेटेड मार्ग पर लगी एक हजार लाइटों को ऑन-ऑफ करने के लिए कंप्यूटराइज पैनल लगवाया है।
इस पैनल से कंप्यूटर के माध्यम से चलने वाली इन लाइटों को समय से चालू और बंद किया जा सकेगा। इससे बिजली की बचत होगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम में लगातार नई तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है। पायलट प्रोजेेक्ट के तहत प्रकाश विभाग की ओर से एलिवेटेड रोड की एक हजार लाइटों को कंप्यूटराइज किया गया है। इन लाइटों को इंटरनेट और सिम के माध्यम से चलाया जाएगा। इससे रियल टाइम मॉनिटरिंग भी बढ़ेगी।
इसके अलावा कोई भी लाइट का फेस ऊपर या नीचे होता है, तो उसकी भी जानकारी ऑनलाइन कंट्रोल रूम को मिल जाएगी। लाइट का लोड बढ़ने पर भी पैनल के माध्यम से कंट्रोल बना रहेगा। इससे लाइटों के खराब होने की संभावना काफी कम हो जाएगी। पहले चरण में एलिवेटेड सड़क की लाइटों को कंप्यूटराइज किया गया है। इसके अलावा शेषनागद्वार से हिंडन एयरपोर्ट तक की लाइटों को भी इसी पैनल से जोड़ने की तैयारी चल रही है।
प्रकाश प्रभारी आश कुमार ने बताया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के समय में एलिवेटेड रोड पर लाइटों के लिए लगे पैनल मैन्युअल ऑपरेट होते थे। इसके अलावा एलिवेटेड रोड पर लगी स्ट्रीट लाइटों के कई पैनल क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिनको बदलते हुए आधुनिक तकनीकी से कंप्यूटराइज्ड किया गया है। आधुनिक पैनल के माध्यम से स्ट्रीट लाइटों की हर गतिविधि को मोबाइल पर देखा जा सकता है। मोबाइल स्क्रीन पर लाल रंग की लाइटों के बंद होने और हरे रंग की लाइटों के चालू होने की स्थिति को दर्शाने का कार्य करेगी।