गाजियाबाद। टीम इंडिया के चैंपियंस ट्राॅफी जीतने पर शहर में जमकर जश्न मना। रविंद्र जडेजा ने जैसे ही जीत का चौका लगाया, वैसे ही आतिशबाजी शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। सोसायटियों में मिठाई बांटी गई। लोगों ने एक दूसरे को जीत की बधाई दी। युवा हाथों में तिरंगा झंडा लेकर निकल पड़े। उन्होंने सड़कों पर डांस भी किया।
नेहरूनगर, कविनगर, लोहियानगर, प्रतापनगर, शास्त्रीनगर, राजनगर और विजयनगर में आतिशबाजी का नजारा ऐसा था मानो लोग दिवाली मना रहे हों। लोगों को पूरा यकीन था कि जीत टीम इंडिया की हो होगी, इसलिए पहले ही पटाखे खरीद लाए थे। राजनगर एक्सटेंशन, क्रासिंग रिपब्लिक, वेव सिटी, आदित्य वलर्ड की सोसायटियों में भी ऐसा ही नजारा था। लोग मैच शुरू होते ही टीवी से चिपक गए थे। कई जगह फाइनल के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी।
टीएचए में साहिबाबाद, कोशांबी, वसुंधरा, वैशाली और इंदिरापुरम में भी देर रात तक जश्न मनाया गया। सोशल मीडिया पर भारतीय टीम की सराहना की गई। जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र के महासचिव जगत प्रकाश शर्मा ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। कप्तान रोहित शर्मा ने टीम की जीत की नींव रखी। शहर की रिवर हाइट, वीवीआईपी एड्रेसेस, एसजी इम्प्रेशन आदि सोसायटियों में बड़ी स्क्रीन पर उत्साह से मैच देखा गया।