साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के एक्सटेंशन दो निवासी अमिताभ अस्थाना के फ्लैट में घुसा चोर नकदी और जेवरात के समेत वहां रखा इलेक्ट्रॉनिक सामान और पानी की टोटियां तक निकालकर ले गया। बाथरूम से बह रहा पानी नीचे गिरने पर सुरक्षा गार्ड ने उन्हें सूचना दी, तब चोरी का पता चला। वारदात सात मार्च के रात की है। हालांकि फ्लैट स्वामी की तरफ से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
अमिताभ अस्थाना ने बताया कि उनके दो फ्लैट हैं। सात मार्च की दोपहर पत्नी और बच्चे निर्माणाधीन फ्लैट पर गए थे। शाम को कार्यालय से आने के बाद वह भी वहीं पहुंच गए। शनिवार सुबह करीब 5ः30 बजे उनके पास सोसायटी के सुरक्षा गार्ड ने फोन किया और उनके फ्लैट से पानी बहने की बात कही। करीब छह बजे वह परिवार के साथ पहुंचे और फ्लैट में पहुंचते ही पता चला कि घर में चोरी हो चुकी है। चोर बाथरूम से पानी की टोटियां, टीवी, गैस के बर्नर, आलमारी में रखे सोने के गहने और करीब 60 हजार रुपये की नकदी ले जा चुके थे। बालकनी के दोनों दरवाजे टूटे थे। उनकी आशंका है कि उनके पड़ोस में निर्माणाधीन इमारत है। जिसकी बालकनी उनके फ्लैट की बालकनी से चिपकी हुई है। अंदेशा है कि चोर ने निर्माणाधीन बिल्डिंग के रास्ते ही फ्लैट में घुसकर चोरी को अंजाम दिया है। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है।