शासन के नियमों की अनदेखी करने, ग्राहकों को रसीद व कार्ड न देने पर डीएम ने चार लोकल केबल ऑपरेटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। डीएम के निर्देश पर चारों केबल ऑपरेटरों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। इससे शहर के तीन हजार से ज्यादा केबल टीवी बंद हो गए हैं।
मनोरंजन कर उपायुक्त एचएन शुक्ला ने बताया कि केबल ऑपरेटरों को पहले ही बता दिया गया था कि वह मानक के अनुरूप रसीद व कार्ड छपवाएं और उसे ग्राहकों को दें। कुछ ऑपरेटर आदेशों की अनदेखी कर रहे थे।
डीएम ने कविनगर कोतवाली क्षेत्र के राहुल केबल टीवी नेटवर्क, यादव केबल, दिनेश केबल और इंदिरापुरम क्षेत्र में भंडारी केबल नेटवर्क के संचालन पर रोक लगा दी है। इससे 3 हजार से ज्यादा टीवी बंद हो गए हैं। ऑपरेटर टैक्स के साथ रसीद व कार्ड देंगे तो केबल संचालन बहाल कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केबल ऑपरेटर ग्राहकों से पैसे लेते थे लेकिन विभाग में जमा नहीं करा रहे थे। दूसरी ओर टैक्स जमा करने में डेन और हैथ-वे कंपनी भी लापरवाही बरत रही है। डेन कंपनी के मैनेजर अतुल अग्रवाल पर विभाग जल्द ही कार्रवाई करेगा। साथ ही सेक्शन 29 के तहत कंपनियों पर एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है।