मोदीनगर। नगर के रोरी गांव से शुक्रवार शाम लापता हुए 25 वर्षीय युवक करण उर्फ कालू का शव शनिवार को समीपवर्ती गांव कादराबाद स्थित श्मशानस्थल परिसर में मिला। करण के सिर पर चोट के निशान होने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले को प्रथमदृष्टया हादसा बता रही है।
करण मजदूरी करता था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम करण अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की मगर उसका कोई पता नहीं लगा। शनिवार पूर्वाह्न समीपवर्ती गांव कादराबाद स्थित श्मशानस्थल परिसर में बने कमरे में एक अज्ञात शव बरामद हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे करण के परिजनों ने मृतक की शिनाख्त करण के रूप में की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करण के सिर पर चोट के निशान थे। आशंका जताई कि हत्या के बाद शव श्मशान परिसर में फेंक दिया गया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि आशंका है कि नशे में गिर सिर में चोट लगने से मौत हुई हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।