मोदीनगर। निवाड़ी क्षेत्र में गांव एमपी सिखैड़ा स्थित तालाब के पास मंगलवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक के चेहरे पर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव एमपी सिखैड़ा में तालाब के पास युवक का शव पड़ा होने के सूचना मिली। जानकारी के बाद मौके पर पंहुची निवाड़ी पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र 35 वर्ष के आसपास है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि युवक पिछले तीन-चार दिन से तालाब के आसपास ही घूम रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के चेहरे पर चोट के निशान थे और चेहरा खून से सना हुआ था। उन्होंने हत्या की आशंका जताई। एसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।