कौशांबी। थानाक्षेत्र के वैशाली सेक्टर चार स्थित बिजली घर सरकारी आवास में रहने वाले ऊर्जा निगम के संविदा कर्मी सतीश कुमार (54) का शव बुधवार सुबह फंदे से लटका मिला। पत्नी की सूचना पर कौशांबी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस की पूछताछ में सतीश के कर्ज लेने और उसके तकादे से परेशान होने की बात सामने आई है। हालांकि परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सतीश कुमार सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रहते थे। बुधवार सुबह करीब 7ः30 जब उनकी पत्नी कमरे में पहुंचीं तब उन्होंने सतीश का शव गमछे के फंदे से लटका देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसीपी ने बताया कि कौशांबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर चिकित्सकीय पुष्टि के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले सतीश ने करीब दो लाख रुपये उधार लिए थे। उसके तकादे होने की वजह से वह परेशान रह रहे थे। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चल पाएगी।