गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) से संबद्ध सभी कॉलेजों में बृहस्पतिवार को पहली बार एआई फॉर ऑल पाठ्यक्रम की आंतरिक ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में बीए, बीकॉम, बीएससी और बीकॉम (ऑनर्स) समेत सभी पाठ्यक्रमों के सभी सेमेस्टर के छात्रों को शामिल होना अनिवार्य है।
एमएमएच कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. प्रो. संजय सिंह ने बताया कि आंतरिक परीक्षा के आधार पर छात्रों को 40 अंक प्रदान किए जाएंगे। जिन छात्रों ने अब तक एआई फॉर ऑल पाठ्यक्रम में पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें भी बृहस्पतिवार तक पंजीकरण के लिए अंतिम अवसर दिया गया है। छात्रों को समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर पाठ्यक्रम पूरा करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी वीडियो, क्विज और पजल के विकल्प को चुनना आवश्यक है। इस आधार पर ही उनका मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आंतरिक परीक्षा दो और तीन जुलाई को ऑनलाइन मोड में आयोजित की जा रही है। छात्र अपने मोबाइल, लैपटॉप या इंटरनेट कैफे के माध्यम से परीक्षा दे सकते हैं। इसके बाद सात जुलाई को पाठ्यक्रम की बाहरी परीक्षा कॉलेज परिसर में ऑफलाइन मोड पर होगी। कॉलेज की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार एआई फॉर ऑल पाठ्यक्रम के लिए छात्रों को समर्थ पोर्टल पर अपने एनरोलमेंट नंबर से लॉगिन करना होगा। सभी यूनिट, वीडियो लेक्चर, क्विज और पजल पूरा करने के बाद ही पाठ्यक्रम पूर्ण माना जाएगा। किसी भी तकनीकी समस्या के लिए कॉलेज के समन्वयक शिक्षक या एआई फॉर ऑल टीम से संपर्क करने की सुविधा भी दी गई है।