मोदीनगर। नगर के गांव बेगमाबाद समेत कई कॉलोनियों में पशुओं को जहर देने वाले आरोपी को लोगों ने पकड़ कर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद आरोपी पकड़ में आया। पुलिस मामले की जांच कर रही है
बेगमाबाद के रहने वाले बिल्लू पशु व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि लगभग एक माह पहले उनकी भैंस की अचानक मौत हो गई। इसके अलावा इमरान, सोनू, इंद्रपाल और भूषण के पशुओं की भी अचानक मौत हो गई। पशुओं की लगातार हो रही मौत से ग्रामीण और पशु व्यापारियों में दहशत पैदा हो गई। अचानक हुई कई पशुओं की मौत से दहशतजदा बिल्लू ने मकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। सीसीटीवी फुटेज में कई दिन तक एक संदिग्ध पशुओं को कुछ पदार्थ देता दिखा। लोगों ने आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी। रविवार सुबह जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया। भीड़ के अनुसार पकड़े गए आरोपी ने पशुओं को जहर देने की बात स्वीकारी है। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है। तहरीर प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।