लोनी। विकास नगर कॉलोनी निवासी नवीन की हत्या उसी के तीन दोस्तों ने की थी और भागे हुए तीसरे 15 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को पंचलोक गेट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बलि से बचने के लिए दोस्त की सिर पर सिलिंडर मारकर हत्या कर दी थी। घिटोरा मोड़ पर ऑटो सहित उसे जलाकर भाग गए थे। दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना 13 जनवरी को हुई थी।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि घिटोरा मोड़ स्थित जंगल में 14 जनवरी को जले हुए ऑटो में युवक शव मिला था। उसकी पहचान विकास नगर कॉलोनी निवासी नवीन के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में 17 जनवरी को पवन और सागर उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि तीसरा आरोपी नसीम निवासी पंचलोक भाग हुआ था। डेढ़ माह बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने नसीम पर इनाम 15 हजार का घोषित किया था। आरोपी और ऑटो चालक सभी आपस में दोस्त थे।
पूछताछ में नसीम ने पुलिस को बताया कि नवीन अमीर बनने के लिए एक तांत्रिक के पास जाता था। एक दो बार उनको भी वहां पर ले गया था। लेकिन तांत्रिक नवीन को किसी मनुष्य की बलि देने के लिए कह रहा था। नवीन और तांत्रिक की मोबाइल फोन पर बात सुन ली थी। नवीन ने कहा था कि क्या वह दोस्त की भी बलि दे सकता है। इस बात को सुनने के बाद तीनों ने आपस में विचार किया कि वह उनमें से किसी एक की बलि दे इससे पहले उसी को मार दिया जाए। बलि के डर से तीनों दोस्तों ने 13 जनवरी की रात सागर के कमरे में गैस सिलिंडर से नवीन के सिर पर मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को कंबल में लपेटकर उसी के ऑटो में रखकर घिटोरा मोड़ के पास जंगल में ले जाकर आग लगा दी थी। पुलिस अब तांत्रिक की तलाश कर रही है।