गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भीमनगर की गली नंबर-10 में माता-पिता की हत्या करने वाले आरोपी भाइयों ने वारदात से पहले किशोर को बिरयानी खिलाने के बहाने घर बुलाया था। घटना के बाद करीब चार घंटे तक घर में छिपे रहे किशोर ने पुलिस को 20 जुलाई की रात हुई पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किशोर ने बताया कि ललित के जन्मदिन के मौके पर दोनों भाई उसे बिरयानी खिलाने के लिए अपने घर लेकर गए थे। वहां पहुंचने के बाद उन्होंने उसे खाना खिलाया। इसके बाद दोनों भाइयों ने अपने पिता गंगाशरण से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। दरवाजों पर ताला लगा होने के कारण किशोर न तो दोनों को रोक सका और न ही मदद के लिए शोर मचा पाया।
घटना से डरकर वह बेड के नीचे छिप गया। पुलिस ने जब आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद घर की तलाशी ली तो किशोर वहीं छिपा मिला।एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि किशोर की उम्र 14 वर्ष है। हत्यारोपी दीपक और ललित से अलग-अलग पूछताछ की गई। दोनों ने किशोर के घर में मौजूद होने की बात स्वीकार की और उसे घटना में निर्दोष बताया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों और किशोर के बयानों में घटना को लेकर समानता मिली है।
किशोर के परिजनों ने छोड़ा घर
मृतक विमलेश के भाई लेखराज ने बताया कि पुलिस ने किशोर को छोड़ दिया है। इसके बाद किशोर का परिवार घर पर ताला लगाकर रिश्तेदारी में चला गया है। उनका कहना है कि किशोर से पूछताछ उनके सामने भी की जानी चाहिए थी।