मसूरी। थाना क्षेत्र स्थित प्रगति विहार प्रथम में 20 जुलाई की रात चोरों ने एक ज्वैलरी दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही दुकान मालिक के घर में घुसकर घरेलू सामान और कपड़े चोरी कर ले गए। पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि प्रधानपुरम मसूरी में रहने वाले मन्नू वर्मा ने इसी वर्ष जनवरी में प्रगति विहार प्रथम स्थित नरेश शर्मा के मकान में अपनी ज्वैलरी की दुकान खोली है। पीड़ित मन्नू वर्मा ने बताया कि 20 जुलाई की शाम करीब 8 बजे वह हमेशा की तरह अपनी दुकान बंद करके घर गए थे।
अगली सुबह 21 जुलाई को जब वह दुकान पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान अस्त-व्यस्त था। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने दुकान में घुसकर करीब 900 ग्राम चांदी के गहने (बिछुए, अंगूठी आदि) तथा 10 ग्राम सोने की बाली, लौंग आदि चोरी कर लिए। वहीं मकान मालिक नरेश शर्मा के मकान से कपड़े व घरेलू सामान भी चोरी कर ले गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित मन्नू वर्मा की दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।