गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में भारी जाम के दौरान ठक-ठक गिरोह के बदमाशों ने विवाद का बहाना बनाकर निजी कंपनी के प्रबंधक का मोबाइल फोन उड़ा दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरोह की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी-2 के गैलेक्सी रॉयल निवासी साजिद वसीम के बताया कि वह निजी कंपनी में प्रबंधक हैं। 26 नवंबर को अपनी कार से कार्यालय से घर लौट रहे थे। सिद्धार्थ विहार स्थित पिंक बूथ के पास भारी ट्रैफिक के बीच दो व्यक्तियों ने उनकी कार के शीशे पर दस्तक दी। साजिद ने जैसे ही शीशा नीचे किया, आरोपियों ने झूठा आरोप लगाया कि वह गाड़ी ठीक से नहीं चला रहे और चोट मार दी है, जबकि ऐसा कुछ नहीं हुआ था। शीशा नीचे होते ही ठक-ठक गिरोह के दोनों बदमाश कार के शीशे पर जोर-जोर से हाथ मारकर ध्यान भटकाने लगे और मौका पाकर भीतर से उनका मोबाइल फोन निकाल ले गए। पीड़ित ने मोबाइल फोन के दोनों नंबरों और आईएमईआई नंबर का विवरण भी पुलिस को सौंपा है। इस बारे में एसीपी रूपाली राव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और आरोपियों की धरपकड़ के लिए मामले में टीम बनाई गई है।