टीएचए के लोगों को तीन दिन तक पानी का संकट झेलना पड़ेगा। एनएच-24 के पास पानी की मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण समस्या हुई है। विभाग का कहना है कि पानी की लाइन ठीक करने में नोएडा प्राधिकरण को तीन दिन का समय लगेगा।
इस वजह से बृहस्पतिवार सुबह से ही नोएडा और टीएचए को होने वाली गंगाजल की आपूर्ति बंद कर दी गई। हालांकि, विभाग टीएचए के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने में जुटा है।
जल निगम का कहना है कि एनएच-24 के पास नोएडा के लिए सप्लाई शुरू करने और बंद करने के लिए वॉल्व लगा है। वॉल्व के पहले ही लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। जिसकी वजह से नोएडा के साथ-साथ वसुंधरा जोन और इंदिरापुरम की आपूर्ति बंद करनी पड़ी है।
अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। एनएच-24 के दूसरी तरफ नोएडा प्राधिकरण के कर्मचारी कार्य कर रहे हैं और इंदिरापुरम की ओर जल निगम के कर्मचारी काम कर रहे हैं।
पानी के लिए की वैकल्पिक व्यवस्था
जल निगम का कहना है कि लाइन की मरम्मत का काम नोएडा से होना है, जिसकी वजह से वहां का पानी बंद करना है, लेकिन वाल्व से पहले लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण इंदिरापुरम और वसुंधरा की आपूर्ति बंद करनी पड़ी है।
ऐसे में, जल निगम के कर्मचारी एक लोहे की प्लेट डालकर नोएडा की आपूर्ति रोक देंगे, जिसके बाद वसुंधरा और इंदिरापुरम में आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। गंगाजल प्लांट प्रभारी आरके अग्रवाल ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण लाइन की मरम्म्त का काम कर रहा है।
मरम्मत कार्य में तीन-चार दिन का समय लगेगा। मरम्मत कार्य के दौरान पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। टीएचए में वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। कोशिश की जाएगी कि शुक्रवार से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाए।