दुबई की तर्ज पर टीएचए को बीएसएनएल वाईफाई सिटी के रूप में डेवलप करने जा रहा है। टीएचए की कालोनियों में बिना कनेक्शन के ही लोग मोबाइल-लैपटॉप पर वाईफाई नेटवर्क का प्रयोग कर सकेंगे। शुरुआत में करीब 20 कालोनियों में वाईफाई बूस्टर लगाकर वाईफाई जोन बनाया जाएगा। वाईफाई उपयोग करने के लिए लोगों को डाटा पैक खरीदना होगा।
कौशांबी मेट्रो स्टेशन पर वाईफाई का ट्रायल जारी है। उधर, मेट्रो स्टेशन के बाद अब बीएसएनएल लोगों के घरों तक वाईफाई सुविधा पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। जीएम परवेज अख्तर ने बताया कि कालोनियों में लोगों को बिना कनेक्शन और मॉडम लिए ही वाईफाई सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इसके लिए कालोनियों की एक्सचेंज पर वाईफाई बूस्टर लगाए जाएंगे।
इससे सीधे मोबाइल और लैपटॉप बीएसएनएल के वाईफाई से जुड़ सकेंगे। इसमें लोग अपनी जरूरत के अनुसार डाटा पैक ले सकेंगे। शुरुआत में वैशाली, वसुंधरा, इंदिरापुरम, शालीमार गार्डन, सूर्यनगर, कौशांबी समेत कुल करीब एक दर्जन कालोनियों को इस सुविधा से जोड़ा जाएगा। इसके लिए बीएसएनएल कर्मचारी एक सर्वे कर रहे हैं जिसमें उन स्थानों का चयन किया जाएगा जहां सबसे पहले बूस्टर लगाए जाएंगे।
बीएसएनएल वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन के बाद इस्तेमाल कर सकेंगे सेवा
सुविधा इस्तेमाल करने के लिए लोगों को बीएसएनएल की वेबसाइट पर रजिस्टर करना होगा। लॉग इन आईडी, पासवर्ड और मोबाइल नंबर से वेबसाइट पर रजिस्टर्ड होने के बाद आसानी से जरूरत अनुसार डाटा पैक चुन सकेंगे।
मॉल्स, अस्पताल और सोसायटीज को सबसे पहले होगा लाभ
बीएसएनएल अधिकारियों ने बताया कि सबसे पहले वाईफाई सुविधा का लाभ सोसायटीज और कालोनी में बने मॉल्स-अस्पतालों को मिलेगा। एक बूस्टर करीब आधा किलोमीटर की रेंज में नेटवर्क प्रदान कर सकेगा। वाईफाई सुविधा का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि सभी यूर्जस को बेहतरीन सर्फिंग और डाउनलोडिंग स्पीड मिल सकेगी।