वसुंधरा में शुक्रवार रात बिजली कटौती से परेशान लोगों ने सेक्टर 16 एवं 19 के सबस्टेशनों पर जमकर हंगामा किया। लोगों का आक्रोश देख कर्मचारी वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत कराया। वहीं, शनिवार को वसुंधरा सेक्टर-1 सबस्टेशन पर अधिकारियों के न मिलने पर लोग धरने पर बैठ गए।
बाद में पहुंचे एसडीओ ने बेहतर बिजली सप्लाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। उधर, गरिमा गार्डन में भी लोगों ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया।
ओवरलोडिंग की वजह से महाराजपुर से वसुंधरा सेक्टर-16 और 19 सबस्टेशनों तक आ रही हाईटेंशन बिजली की लाइन में शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे फॉल्ट आ गया।
इससे वसुंधरा में कई सेक्टरों की बिजली गुल हो गई। परेशान लोग रात में ही सेक्टर 16 और 19 सब स्टेशनों पर पहुंचे, मगर कर्मचारियों द्वारा बिजली आने का समय नहीं बताने पर उनका गुस्सा फूट गया। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
भीड़ को आक्रोशित देख दोनों सब स्टेशनों से कर्मचारी भाग गए। अधिकारियों से हंगामे की सूचना पाकर सब स्टेशन पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। अवर अभियंता संजीव गुप्ता ने बताया कि केबल बॉक्स फुंकने की वजह से बिजली गुल हुई थी, जिसे ठीक करने में समय लग गया। रात को लाइन में दोबारा फॉल्ट नहीं आए इसके लिए सेक्टर-19 को नई अंडरग्राउंड लाइन से जोड़कर रात करीब सवा एक बजे सप्लाई चालू की गई।
वहीं, एक सप्ताह से बिजली की समस्या से परेशान वसुंधरा सेक्टर-1, 3 और 16 के रेजिडेंट्स शनिवार सुबह सेक्टर-16 स्थित सबस्टेशन पर पहुंचे। अधिकारियों के नहीं मिलने पर लोग हंगामा करने लगे।
लोगों ने अधिशासी अभियंता केके तेवतिया से बात की, तो उन्होंने अप्वाइंटमेंट लेकर आने की बात कही। अधिकारियों के आने तक लोगों ने धरने पर बैठने का निर्णय लिया। करीब 12 बजे एसडीओ पहुंचे और उन्होंने बिजली व्यवस्था बेहतर के लिए सोमवार तक का समय मांगा। इसके बाद लोग शांत हुए। इस मौके पर कैलाश चंद शर्मा, वीरेंद्र गंगवार, शशांक सिंह, डीएन तिवारी, डी पी गौड़, एसके शर्मा, प्रेमपाल मान, आदेश त्यागी आदि मौजूद रहे।
उधर, गरिमा गार्डन और लक्ष्मण गार्डन में कई दिनों से हो रही बिजली कटौती से परेशान लोगों ने शनिवार को पावर कारपोरेशन के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष गफ्फार सैफी ने बताया कि करीब दस दिन से इलाके में 12 से 14 घंटे की कटौती हो रही है।
इंवर्टर चार्ज नहीं हो रहे हैं। गर्मी में हाल-बेहाल है। दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोग सबस्टेशन का घेराव करेंगे। इस मौके पर संजय कुमार, अशरफ अली, नजुरूद्दीन सैफी, आरिफ, मदन, शिव शंकर, नुसरत अली, सुधीर, बृजभान यादव आदि मौजूद रहे।
ट्रांसफार्मर फुंकने से गुल रही बिजली
कौशांबी के डी ब्लॉक में शुक्रवार रात 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इसकी वजह से 200 घरों में बिजली गुल हो गई। अधिशासी अभियंता कपिल तेवतिया ने बताया कि दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद पावर कारपोरेशन ने नया ट्रांसफार्मर लगाकर सप्लाई चालू की। इस कारण रात में करीब 6 घंटे बिजली गुल रही।