एक महीने के इंतजार के बाद टीएचए और नोएडा में पानी का संकट खत्म हो गया। शनिवार सुबह से प्रताप विहार स्थित दोनों प्लांटों से गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गई है। हालांकि पहले दिन पानी कम मिला, लेकिन रविवार से आपूर्ति बढ़ जाएगी और टीएचए में सुबह-शाम दो-दो घंटे आपूर्ति की जाएगी।
बता दें कि 10 अक्तूबर को हरिद्वार से गंगनहर बंद कर दी गई थी। इसके चलते 12 अक्तूबर से नोएडा और टीएचए की कालोनियों में गंगाजल की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई थी। टीएचए की वैशाली, वसुंधरा, कौशांबी, बृज विहार, सूर्य नगर, चंद्र नगर, राधा कुुंज, रामप्रस्थ और इंदिरापुरम कालोनियों में ट्यूबवेलों के जरिए पानी की आपूर्ति की जा रही थी।
32 क्यूसेक की बजाय लोगों को सिर्फ 16-17 क्यूसेक पानी ही मिल पा रहा था। इसके चलते कालोनियों में सिर्फ आधे घंटे ही पानी दिया जा रहा था। पर्याप्त पानी नहीं मिलने से लोग को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। गंगाजल प्लांट प्रभारी व अधिशासी अभियंता आरके अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार देर रात को 50 क्यूसेक वाले प्लांट में भी पानी मिल गया।
रात भर इसका ट्रीटमेंट कर शनिवार सुबह नोएडा और टीएचए को आपूर्ति शुरू करा दी गई। हालांकि विद्युत आपूर्ति तीन घंटे के लिए ठप हो जाने से प्लांट बंद हो गया। ऐसे में शनिवार को गंगाजल आपूर्ति भी बाधित रही। प्लांट से गंगाजल मिलने पर शनिवार शाम से कालोनियों में सप्लाई शुरू कर दी गई।
नगर निगम के अवर अभियंता योगेंद्र यादव ने बताया कि शनिवार को दिन में ओवरहेड टैंक और सीडब्ल्यूआर भरे गए, इसके बाद आपूर्ति दी गई। रविवार से गंगाजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।