टीएचए के लोगों को एक सप्ताह बाद 16 एकड़ में विकसित एक बड़े पिकनिक स्पॉट का तोहफा मिल जाएगा। जीडीए ने एनएच-24 और अभय खंड के बीच 4 करोड़ की लागत से चिल्ड्रन पार्क विकसित किया है। जीडीए 15 से 20 दिसंबर के बीच इस पार्क का लोकार्पण कर देगा। इसके बाद पब्लिक इस पार्क में घूमने और बोटिंग का लुत्फ ले सकेंगे।
16 एकड़ के इस पार्क में जीडीए ने पार्क में झील बनाकर इसे प्राकृतिक लुक दिया है। इस झील में बच्चे बोटिंग का मजा ले सकेंगे। इसके अलावा घूमने के लिए पाथ-वे बनाए गए हैं। नंगे पांव चलने वालों के लिए जीडीए ने घासयुक्त पाथ-वे भी बनाए हैं। पार्क के एक हिस्से को संरक्षित क्षेत्र बनाया गया है।
यही नहीं पार्क के अंदर ही ओपन जिम की सुविधा भी मिलेगी। पार्क में फूड स्टॉल, किड्स जोन भी बनाए गए हैं। यह पार्क सोलर लाइटों से जगमग होगा। इनके अलावा गार्डन बेंच, गार्डन हट, झूले भी लगाए गए हैं। पार्क को साफ-सुथरा रखने के लिए जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं।
जीडीए ने इस पार्क का लोकार्पण पहले मुख्यमंत्री से नोएडा कार्यक्रम के दौरान कराने की प्लानिंग की थी। अब यह प्लानिंग बदली गई है। अब जीडीए के अधिकारी ही इसका लोकार्पण कर पब्लिक के लिए इसे ओपन कर देंगे।
पांच रुपये होगा एंट्री शुल्क
स्वर्णजयंती पार्क की तरह जीडीए के इस पार्क में भी एंट्री मुफ्त नहीं होगी। पांच रुपये एंट्री शुल्क तय किया गया है। हालांकि 12 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क होगा। इसके अलावा बोटिंग, ओपन जिम की सुविधा के लिए भी कुछ रकम चुकानी पड़ेगी।
पार्क में थोड़ा काम बाकी है, दो दिन में इसे पूरा कर लिया जाएगा। 15 से 20 दिसंबर के बीच इसे पब्लिक के लिए खोल दिया जाएगा। - एसपी शिशौदिया, उद्यान अधिकारी, जीडीए