पानी के बेजा दोहन की वजह से टीएचए में नगर निगम के ट्यूबवेल ‘हांफने’ लगे हैं। मोहननगर जोन की कालोनियों के लिए टीला मोड़ पर लगी 17 ट्यूबवेलों का डिस्चार्ज भूजल स्तर नीचे खिसक जाने से 75 फीसदी घट गया है। कई कालोनियों में पानी का संकट है। नई ट्यूबवेल लगाने के लिए जगह न मिली तो नगर निगम अब बंथला नहर के पास ट्यूबवेल लगाकर टीएचए वालों की प्यास बुझाएगा।
टीएचए (ट्रांस हिंडन एरिया) का भूजल प्रदूषित होने की वजह से नगर निगम ने करीब 8 किलोमीटर दूर टीला मोड़ पर 17 ट्यूबवेल लगाए थे। निगम अधिकारियों के मुताबिक करीब 10 साल पहले टीला मोड़ पर ट्यूबवेल लगाते समय इनका डिस्चार्ज 2500 से 2800 एलपीएम (लीटर प्रति मिनट) था। अब भूजल स्तर इतना नीचे चला गया है कि ट्यूबवेलों से सिर्फ 700 से 800 एलपीएम पानी मिल पा रहा है।
ऐसी स्थिति में टीएचए की शालीमार गार्ड, राजेंद्र नगर, लाजपतनगर, श्याम पार्क, जनकपुरी समेत कई कालोनियों में पानी का संकट खड़ा हो गया है। शालीमार गार्डन क्षेत्र में दो दिन में एक बार पानी की सप्लाई की जा रही है। निगम अधिकारियों ने ट्यूबवेलों को टीला मोड़ पर ही दूसरी जगह लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कई स्थानों पर 500 फीट तक पानी ही नहीं मिला। ऐसे में अब टीला मोड़ से आगे बंथला नहर के पास जमीन तलाशी गई है। यहां ट्यूबवेल लगाकर नगर निगम टीएचए में पानी लाएगा।
..
भूजल स्तर नीचे चले जाने से ट्यूबवेल फेल हो रही हैं। बंथला नहर पर चार ट्यूबवेल लगाने के लिए जगह तलाश कर ली गई है। जल्द ही नलकूप लगाकर मोहन नगर जोन में पानी की सप्लाई बढ़ाई जाएगी। - आरके यादव, जलकल अभियंता
लाइन में प्रेशर कम, वसुंधरा के कई सेक्टरों कम मिला पानी
वसुंधरा। पानी की लाइन में प्रेशर कम होने से वसुंधरा के कई सेक्टरों में शनिवार को पानी की आपूर्ति कम हुई। पर्याप्त पानी न मिलने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। शनिवार को कालोनियों में दो घंटे की बजाए सिर्फ 45 मिनट वाटर सप्लाई हो सकी।
वसुंधरा सेक्टर-2, 3, 4, 15, 16 ,17, 18, 19 पानी के इस संकट से प्रभावित रहा। रेजिडेंट्स का कहना है कि पानी का प्रेशर भी बहुत कम था। इससे छतों पर रखी पानी की टंकियां नहीं भर सकीं। रेजिडेंट एके गुप्ता ने बताया कि गर्मी शुरू होते ही पानी की सप्लाई कम हो गई है।
करीब 10 दिन से एक घंटे से ज्यादा पानी नहीं मिल पा रहा है। शिकायत करने पर निगम अधिकारी आश्वासन देकर पल्ला झाड़ लेते हैं। अवर अभियंता योगेंद्र यादव ने बताया कि प्रेशर कम होने की शिकायत मिली है। लाइन की जांच कराई जा रही है। लाइन में कोई फाल्ट हो सकता है, जिसकी वजह से पानी की पूरी सप्लाई नहीं हो पा रही।